रायपुर: राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। बाथरूम में खोदे गए सेप्टिक टैंक के खुले गड्ढे में गिरने से 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब बच्ची टॉयलेट गई थी।
मृत बच्ची की पहचान रिया महिलांग (उम्र 5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह महासमुंद जिले के पटेवा गांव की रहने वाली थी और अपने पिता एलन महिलांग और मां धनेश्वरी महिलांग के साथ रायपुर अपनी मौसी के यहां गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक जीवनलाल कुर्रे ने टॉयलेट का गंदा पानी निकालने के लिए बाथरूम में सेप्टिक टैंक का गड्ढा खुदवाया था, जिसे अस्थायी रूप से केवल एक बोरी से ढंक दिया गया था। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे रिया टॉयलेट गई थी। इस दौरान उसकी नानी भी मौजूद थी, लेकिन कुछ देर के लिए वह बाथरूम के बाहर पानी लाने चली गई।
इसी बीच बच्ची टॉयलेट से उठकर बाथरूम में आई, जहां बोरी से ढंका सेप्टिक टैंक का गड्ढा था। बच्ची का पैर बोरी में फंस गया और वह सीधे गड्ढे में गिर गई। गिरते ही बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
काफी मशक्कत के बाद बच्ची को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मोवा थाना पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164773
Total views : 8190484