कूरियर पार्सल के जरिए चरस तस्करी का खुलासा, कसोल से पुणे तक फैला नेटवर्क

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कुल्लू: चरस तस्करी के लिए कुख्यात मणिकर्ण घाटी में नशा तस्करों के तार अब प्रदेश की सीमाओं से बाहर तक जुड़ते नजर आ रहे हैं। मणिकर्ण पुलिस ने कूरियर पार्सल के जरिए चरस तस्करी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसके तार कसोल से पुणे (महाराष्ट्र) तक फैले हुए पाए गए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय कंचन खटरेला पुत्री प्रकाश खटरेला, निवासी प्लाट नंबर-4, स्वयं सिद्धा सोसायटी, पौड रोड, पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की भूमिका नशा तस्करी के नेटवर्क में संदिग्ध पाई गई है और उससे पूछताछ जारी है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 दिसंबर 2025 को जरी चौकी क्षेत्र में नशा तस्करी का मामला सामने आया। कूरियर सुमारोपा से जुड़े एक व्यक्ति ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी कि एक कूरियर पार्सल में चरस होने की आशंका है। सूचना मिलते ही जरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पार्सल की जांच की।

 

जांच के दौरान पार्सल से 151 ग्राम चरस बरामद की गई, जिसके बाद तत्काल मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में कूरियर सेवा में कार्यरत शमशेर ने बताया कि यह पार्सल उसने कसोल स्थित रेखा बेकर्स से उठाया था। इसके बाद मामले की कड़ियां जोड़ते हुए थाना मणिकर्ण पुलिस ने आगे की जांच की और पुणे से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।

 

कुल्लू पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशा तस्करी जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *