नई दिल्ली: भारत और जापान ने अपने विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने तथा साझा रणनीतिक लक्ष्यों की दिशा में मिलकर काम करने का संकल्प लिया है। जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। करीब 50 मिनट चली इस बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा हुई।
जापान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंत्री मोतेगी ने बैठक के दौरान कहा कि भारत और जापान “स्वाभाविक साझेदार” हैं, जो बुनियादी मूल्यों और रणनीतिक हितों को साझा करते हैं। उन्होंने ‘स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए दोनों देशों के मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने मोतेगी की भारत यात्रा का स्वागत करते हुए जापान-भारत विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के आधार पर सहयोग को और गहरा करने की इच्छा जताई।
2027 में 75 वर्ष पूरे होने पर द्विपक्षीय आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने 2027 में भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर द्विपक्षीय आदान-प्रदान को और अधिक सक्रिय करने पर सहमति जताई। ‘अगले दशक के लिए जापान-भारत संयुक्त विजन’ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा (आर्थिक सुरक्षा सहित), अर्थव्यवस्था, निवेश, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
18वीं भारत-जापान रणनीतिक वार्ता आयोजित
इससे पहले, विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ 18वीं भारत-जापान रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता की। वार्ता के दौरान आर्थिक सहयोग, समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, महत्वपूर्ण खनिज, प्रौद्योगिकी, पीपल-टू-पीपल संपर्क और बहुपक्षीय सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को आकार देने और वैश्विक अर्थव्यवस्था को जोखिम मुक्त करने की अपार क्षमता है। उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तथा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी उपयोगी विचार-विमर्श की जानकारी दी।
क्वाड, संयुक्त राष्ट्र और G20 में सहयोग को प्राथमिकता
रणनीतिक संवाद के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि भारत, क्वाड, संयुक्त राष्ट्र, G4 और G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जापान के साथ मिलकर काम करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने मौजूदा अनिश्चित वैश्विक स्थिति में भारत और जापान जैसे प्रमुख लोकतांत्रिक देशों की साझा जिम्मेदारी पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच विशेष, रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है और आने वाले वर्षों में यह सहयोग और मजबूत होगा।
Author: Deepak Mittal








