मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार की 7 महिलाओं की मौत, गांव में पसरा मातम

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

फतेहपुर शेखावाटी: राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में मकर संक्रांति के दिन एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार की सात महिलाओं की एक साथ मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना एनएच-52 पर हरसावा गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार पहले एक पिकअप से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में रघुनाथपुरा गांव निवासी परिवार की सास मोहिनी देवी (80), उनकी पांच बहुएं चंदा देवी (55), तुलसी देवी (45), बरखा देवी (35), आशा देवी (60), संतोष देवी (45) और बेटी इंदिरा (60) की मौत हो गई। बरखा देवी ने जयपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। वहीं चालक वसीम (25) और सोनू (35) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार लक्ष्मणगढ़ में रिश्तेदार कैलाश देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर शाम करीब चार बजे अपने गांव लौट रहा था। परिवार चार वाहनों में सफर कर रहा था, जिसमें तीन वाहनों में पुरुष और एक कार में महिलाएं सवार थीं। हरसावा गांव के पास कार चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। परिजनों ने बताया कि रवाना होने से पहले ही चालक को सावधानी से वाहन चलाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन लापरवाही भारी पड़ गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची भीड़ और पुलिस ने महिलाओं को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

एक साथ सात महिलाओं की मौत की खबर जैसे ही रघुनाथपुरा गांव पहुंची, पूरा गांव शोक में डूब गया। घर-घर सन्नाटा पसर गया और किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला। परिवार की बुजुर्ग महिला मोहिनी देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की महिलाएं ही घर की रीढ़ मानी जाती थीं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। फतेहपुर सदर थाना प्रभारी सीआई सुरेंद्र तम देगड़ा मौके पर पहुंचे और शवों को धानुका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घायलों की स्थिति जानने के लिए कलेक्टर मुकुल शर्मा एसके अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। विधायक हाकम अली, भाजपा नेता श्रवण चौधरी, एडीएम रतनलाल स्वामी, एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह और पालिका अध्यक्ष मुश्ताक नजमी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर शेखावाटी में हुआ यह सड़क हादसा अत्यंत दुखद है और उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को संबल देने की कामना की।

गौरतलब है कि एनएच-52 पर पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *