पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सरहदी राज्यों से अवैध धान तस्करी का भंडाफोड़, 149 क्विंटल जब्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जशपुर: छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान जशपुर पुलिस ने सरहदी राज्यों से हो रही अवैध धान तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। चौकी आरा पुलिस ने झारखंड से जशपुर लाए जा रहे 149 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 42 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्र के ग्राम केतार और बोकी में की गई। 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरा चौकी की पेट्रोलिंग टीम ने ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। जांच के दौरान ट्रक से 290 बोरी यानी 90 क्विंटल धान बरामद हुआ।

पूछताछ में ट्रक चालक गणेश यादव (33 वर्ष, ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी) ने बताया कि ट्रक जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है और धान को झारखंड से लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी थी। चालक धान परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि विशाल गुप्ता का एक मिनी ट्रक पूर्व में भी धान तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है।

इसी क्रम में 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका। जांच में पहले पिकअप से 66 बोरी यानी 30 क्विंटल और दूसरे पिकअप से 60 बोरी यानी 29 क्विंटल धान बरामद किया गया। दोनों पिकअप के चालक शेखर यादव (26 वर्ष, मधुबनटोली, जशपुर) और सजीत कुमार (25 वर्ष, पुरनानगर, जशपुर) पाए गए। चालक भी धान परिवहन के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों पिकअप सहित कुल 126 बोरी यानी 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया। इस तरह जशपुर पुलिस ने केवल दो दिनों में एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल अवैध धान जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में अब तक 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के खिलाफ लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। पकड़े गए ट्रक और पिकअप से जब्त धान जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और अवैध धान तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई धान खरीदी के दौरान काले धंधों पर नियंत्रण और किसानों की उपज की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *