PM मोदी का वाराणसी में बड़ा स्पोर्ट्स संदेश! राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का करेंगे उद्घाटन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी 72वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे, जिससे काशी का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गूंजेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, पीएम मोदी रविवार दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह का आयोजन डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, वाराणसी में किया जाएगा।

8 दिन चलेगा खेलों का महासंग्राम

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 4 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित होगी। इसमें देशभर से आई 58 टीमों के 1000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विभिन्न राज्यों और प्रतिष्ठित संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें इस दौरान जबरदस्त प्रतिस्पर्धा, खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

काशी को मिलेगा खेल अवसंरचना का बड़ा लाभ

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से वाराणसी में खेल अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। साथ ही, यह आयोजन शहर को राष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

खेलों के जरिए युवाओं को मिलेगा नया मंच

राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप न सिर्फ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देगी, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित भी करेगी। पीएम मोदी के उद्घाटन के साथ यह आयोजन और भी खास हो गया है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment