सीमा पर साजिश नाकाम! पुंछ में ड्रोन से गिराया गया गोला-बारूद से भरा बैग बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जम्मू-कश्मीर: भारत–पाकिस्तान सीमा से सटे जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। सेना ने गोला-बारूद और आईईडी से भरा एक बैग बरामद किया है, जिसे ड्रोन के जरिए गिराए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह संदिग्ध खेप खारी गांव के चक्कन दा बाग इलाके में रंगर नाला और पुंछ नदी के बीच सुबह के समय गिरी पाई गई। नियमित निरीक्षण के दौरान सेना के जवानों को मौके से गोला-बारूद से भरा बैग और एक पीला टिफिन बॉक्स मिला, जिसमें करीब दो किलोग्राम का IED मौजूद था।

सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और नियंत्रित विस्फोट के जरिए आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। समय रहते कार्रवाई से एक बड़े जान-माल के नुकसान को टाल दिया गया।

घटना के बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और विशेष अभियान समूह (SOG) की संयुक्त टीमों ने पूरे क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन कहां से संचालित किया गया और इस खेप का असली मकसद क्या था।

सुरक्षा एजेंसियां इस आशंका से इनकार नहीं कर रहीं कि सीमा पार से आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यह सामग्री भेजी गई हो। फिलहाल जांच जारी है और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment