शादी के एक साल के भीतर उजड़ा घर, आंगन में बने टॉयलेट तक जाना भी बन गया मौत का रास्ता
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां बनने वाली महिला की जिंदगी जहरीले फन के आगे हार गई। करतला थाना क्षेत्र के टेंगरमार गांव में मंगलवार दोपहर कोबरा सांप के डसने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसके गर्भ में पल रहा मासूम भी दुनिया देखने से पहले ही खत्म हो गया।
आंगन में कदम रखते ही मौत से सामना
जानकारी के मुताबिक, टेंगरमार निवासी फिरतु राम मांझी सुबह काम के सिलसिले में केराकछार गया हुआ था। घर पर उसकी 23 वर्षीय पत्नी राधिका और अन्य परिजन मौजूद थे।
दोपहर के समय राधिका जब घर के आंगन में बने टॉयलेट की ओर जा रही थी, तभी रास्ते से गुजर रहे कोबरा सांप पर उसका पैर पड़ गया।
अचानक उग्र हुए सांप ने फन फैलाकर राधिका के पैर से लिपटते हुए तीन बार डस लिया।
चीख-पुकार मची, लेकिन बच न सकी जान
सांप के डसते ही राधिका की चीख सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोबरा को भागते हुए देखा।
गंभीर हालत में महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, जहर शरीर में तेजी से फैल चुका था।
इस दर्दनाक हादसे में गर्भस्थ शिशु भी नहीं बच सका।
शादी के कुछ महीनों बाद उजड़ा संसार
मृतका के पति फिरतु राम ने रोते हुए बताया कि
👉 21 फरवरी को सामाजिक रीति-रिवाज से राधिका से उसकी शादी हुई थी।
👉 शादी के दो महीने बाद ही राधिका गर्भवती हो गई थी।
👉 उसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था और परिवार बच्चे के आने की तैयारी कर रहा था।
लेकिन खुशियों के घर में मातम पसर गया।
पहले भी दिख चुका था वही कोबरा
परिजनों ने बताया कि जिस कोबरा ने राधिका को डसा, उसे पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास बाड़ी में देखा जा रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वही सांप ऐसी भीषण त्रासदी बन जाएगा।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे टेंगरमार गांव में शोक का माहौल है। एक तरफ मां बनने की खुशी, दूसरी तरफ अर्थी का सन्नाटा—इस हादसे ने हर आंख नम कर दी।
Author: Deepak Mittal








