रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब मध्यप्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की। इस मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सौजन्य भेंट की जानकारी स्वयं साझा करते हुए लिखा कि आज निवास कार्यालय में मध्यप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री कमल पटेल से आत्मीय मुलाकात हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी मुलाकात को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने लिखा कि मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उनके घनिष्ठ मित्र कमल पटेल का निवास पर आत्मीय आगमन हुआ। इस सौहार्दपूर्ण बैठक के दौरान संगठन, जनसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई। साथ ही पुराने दिनों की यादें भी ताज़ा हुईं।
हालांकि इस मुलाकात को औपचारिक और सौजन्य भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह की बैठकें अक्सर आने वाले समय की रणनीतियों और संगठनात्मक दिशा की ओर इशारा करती हैं। ऐसे में यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश छुपा है, इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
फिलहाल इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है और आने वाले दिनों में इसके मायने और भी स्पष्ट हो सकते हैं।
Author: Deepak Mittal








