भीड़ में टक्कर… झगड़ा… और पलक झपकते गायब हो जाते थे पैसे! दिल्ली में जेबकतरी गैंग का पर्दाफाश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लोगों को टक्कर मारकर झगड़े के बहाने जेब साफ करने वाले शातिर गैंग का आखिरकार भंडाफोड़ हो गया है। उत्तर जिला के थाना बड़ा हिंदू राव क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 9 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।

भीड़ या सुनसान जगह… टक्कर मारते और गायब हो जाते थे

पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वे व्यस्त बाजारों या सुनसान इलाकों में लोगों से जानबूझकर टक्कर मारते, फिर झगड़ा खड़ा करते और इसी अफरा-तफरी में जेब काटकर फरार हो जाते थे। पीड़ित को तब तक भनक भी नहीं लगती थी, जब तक आरोपी आंखों से ओझल न हो जाएं।

25 दिसंबर को हुई वारदात, 40 हजार रुपये उड़ाए

यह मामला 25 दिसंबर 2025 का है। फरीदाबाद निवासी 55 वर्षीय शालिंदर कोहली, जो पुराने वाहनों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं, आजाद मार्केट में खरीदारी के लिए आए थे।
शाम करीब 4:30 बजे, जब वे बहादुरगढ़ रोड स्थित अग्रवाल स्वीट्स के सामने पहुंचे, तभी दो युवकों ने उनसे टक्कर मारी और बेवजह बहस करने लगे। कुछ ही पलों में दोनों वहां से निकल गए।

जब शालिंदर कोहली ने अपनी जेब चेक की तो 40 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई।

50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, फेस रिकग्निशन से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़ा हिंदू राव की एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
टेक्निकल सर्विलांस और फेस रिकग्निशन सिस्टम की मदद से एक आरोपी की पहचान हनी उर्फ किल्ला के रूप में हुई, जो पहले से ही सदर बाजार थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी था।

लगातार निगरानी और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने 27 दिसंबर की रात हनी उर्फ किल्ला और उसके साथी बादल उर्फ आकाश को उनके घरों के पास से धर दबोचा।

पूछताछ में खुला राज, नशे के लिए करते थे चोरी

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि नशे की लत पूरी करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए वे लंबे समय से जेबकतरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्जनों आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।

 पुलिस की अपील:
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें, अनजान लोगों से टक्कर या बहस की स्थिति में तुरंत अपनी जेब और सामान की जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment