महोबा: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र से एक बार फिर लुटेरी दुल्हन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महोबा जिले में शादी के नाम पर एक युवक को ऐसी ठगी का शिकार बनाया गया कि 8 महीने बाद उसकी पत्नी लाखों के जेवर समेटकर गायब हो गई। अब पीड़ित पति न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय की चौखट पर पहुंचा है।
बिचौलियों के भरोसे शादी, बन गई जिंदगी की सबसे बड़ी भूल
यह मामला चरखारी तहसील के अस्थौन गांव का है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय रघुराज की शादी अप्रैल 2025 में मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर की रहने वाली निशा से कराई गई। लेकिन यह शादी किसी रिश्तेदारी या सामाजिक पहचान से नहीं, बल्कि दलालों के जरिए तय सौदे के तहत हुई।
पीड़ित के मुताबिक गांव के चरण सिंह और कनेरा निवासी शेखर ने शादी कराने के नाम पर 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद रघुराज को मध्य प्रदेश ले जाया गया, जहां खेतों में आनन-फानन में शादी की रस्म पूरी करा दी गई।
शादी के बाद बढ़ी संदिग्ध गतिविधियां, धमकियों का दौर शुरू
शादी के कुछ ही समय बाद रघुराज को सब कुछ सामान्य नहीं लगा। बिचौलियों का उसके घर बार-बार आना-जाना शुरू हो गया और वे उसकी पत्नी निशा के लगातार संपर्क में रहने लगे। जब रघुराज ने इस पर सवाल उठाए तो उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
मायके जाने का बहाना और फिर अचानक गायब
कुछ समय बाद निशा ने मायके जाने की जिद की। रघुराज उसे सुरक्षित छोड़कर लौट आया। लेकिन जब वह दोबारा उसे लेने पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
निशा का घर बंद था, माता-पिता गायब थे और पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला।
घर लौटकर जब रघुराज ने अलमारी देखी तो होश उड़ गए।
👉 सोने की बिजली, कंठी, मंगलसूत्र और चांदी की भारी पायल समेत लाखों रुपये के जेवर गायब थे।
वीडियो सबूत के साथ एसपी से न्याय की गुहार
पीड़ित रघुराज का आरोप है कि यह पूरी घटना दलालों और लुटेरी दुल्हन की सोची-समझी साजिश है। उसके पास दलालों को पैसे देते हुए वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।
अब उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और मोबाइल सर्विलांस के जरिए दुल्हन का पता लगाने व आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिर सवालों के घेरे में ‘शादी का सौदा’
महोबा में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शादी के नाम पर ठगी के कई केस सामने आ चुके हैं। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि बिचौलियों के भरोसे की गई शादी कब जिंदगी को तबाह कर दे, कहा नहीं जा सकता।
अब देखना होगा कि पुलिस इस लुटेरी दुल्हन गिरोह तक कब और कैसे पहुंचती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162865
Total views : 8187472