देहरादून: राजधानी देहरादून के सैय्यद मोहल्ले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब 5 से 6 आवारा कुत्तों ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीना कनौजिया सोमवार दोपहर अपने घर से बाहर निकली थीं। जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंचीं, वहां सड़क पर बैठे करीब आधा दर्जन कुत्ते अचानक भौंकने लगे। महिला ने कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन इसके उलट कुत्ते और आक्रामक हो गए और उन पर झपट पड़े।
खुद को बचाने के लिए बीना कनौजिया दौड़ने लगीं, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, वहीं कुत्तों ने उनके कपड़े नोच डाले और पैरों पर भी गहरे घाव कर दिए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
इलाके में दहशत, महिलाओं और बच्चों पर हमले का आरोप
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्ते आए दिन महिलाओं और बच्चों पर झपटते हैं और दोपहिया व चारपहिया वाहनों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से आक्रामक कुत्तों को तत्काल मोहल्ले से हटाने और स्थायी समाधान की मांग की है।
ABC सेंटर की क्षमता बढ़ाने का दावा
नगर निगम के वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए जल्द ही एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की क्षमता तीन गुना बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में जहां 70 कुत्तों को रखने की व्यवस्था है, उसे बढ़ाकर 200 से अधिक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही कुत्ता शिकायत प्रकोष्ठ और एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, जिससे शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो सके। वर्ष 2016 से अब तक 54 हजार आवारा कुत्तों का बंध्याकरण और टीकाकरण किया जा चुका है, हालांकि अभी भी करीब 20 प्रतिशत कुत्तों की नसबंदी बाकी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165709
Total views : 8191719