मुख्यमंत्री धामी का दो टूक संदेश—अराजकता बर्दाश्त नहीं, फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के आदेश
देहरादून: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बेहद गंभीरता से लेते हुए साफ कर दिया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि आरोपी ज्यादा दिन कानून से बच नहीं पाएगा और जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होगा।
“अराजक तत्व रहम की उम्मीद न रखें”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त लहजे में कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए सरकार के पास कोई नरमी नहीं है। ऐसे अराजक तत्वों को हर हाल में सख्ती से कुचला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में रहने वाला हर नागरिक सुरक्षित है, यह सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने मृतक छात्र एंजेल चकमा के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाकर रहेगी।
अब तक 5 गिरफ्तार, एक आरोपी नेपाल में छिपा!
इस हत्याकांड में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
हालांकि, एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी की तलाश में पुलिस की एक टीम नेपाल तक भेजी गई है।
साफ संदेश: अपराध करेगा, सजा जरूर पाएगा
सरकार और पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि त्रिपुरा के छात्र की हत्या के मामले में अब कोई बच नहीं पाएगा। कानून अपना काम करेगा और इस खौफनाक वारदात के हर दोषी को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162450
Total views : 8186843