बिहार: बिहार में एक भीषण रेल हादसे ने पूरे रेल नेटवर्क को हिला कर रख दिया है। जसीडीह–झाझा रेलखंड पर सीमेंट से लदी मालगाड़ी के डिरेल होने से दिल्ली–हावड़ा मेन लाइन पूरी तरह ठप हो गई है। इस हादसे के बाद करीब 30 से अधिक ट्रेनों को डायवर्ट, कई को बीच रास्ते में शॉर्ट टर्मिनेट और 4 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। नतीजा यह कि हजारों यात्री अलग-अलग स्टेशनों पर फंसे हुए हैं और हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
नदी में गिरे मालगाड़ी के डिब्बे, दोनों लाइनें उखड़ीं
जानकारी के अनुसार, जमुई जिले के सिमुलतला स्थित टेलवा बाजार हॉटल के पास बडुआ नदी पुल संख्या 676 के समीप शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे जसीडीह–झाझा रेलखंड पर बड़ा हादसा हुआ।
सीमेंट से लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरकर सीधे नदी में जा गिरे, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद से रेल परिचालन पूरी तरह ठप है।
दिल्ली–पटना–हावड़ा रूट पर सबसे ज्यादा असर
हादसे के कारण दिल्ली, पटना और हावड़ा रूट की मेल, एक्सप्रेस, प्रीमियम और पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनें घंटों से रास्ते में खड़ी हैं, तो कई को लंबा चक्कर लगाकर चलाया जा रहा है। रेलवे ने हालात को संभालने के लिए आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी है।
ये प्रमुख ट्रेनें डायवर्ट की गईं
डिरेलमेंट के चलते जिन ट्रेनों का रूट बदला गया है, उनमें शामिल हैं—
-
12306 एनएलएस–हावड़ा एक्सप्रेस
-
13006 असरन–हावड़ा एक्सप्रेस
-
12334 रांची–हावड़ा एक्सप्रेस
-
12352 राजेंद्र नगर–हावड़ा एक्सप्रेस
-
13288 आरा–दुर्ग एक्सप्रेस
-
22844 भुवनेश्वर–बरौनी एक्सप्रेस
-
17006 हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस
-
18105 राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस
(इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें गया, धनबाद, पाकुड़ और आसनसोल रूट से चलाई जा रही हैं)
ये 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द
रेलवे ने 28 दिसंबर 2025 को निम्न ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है—
-
63572 मोकामा–जसीडीह
-
63565 जसीडीह–झाझा
-
63573 जसीडीह–क्यूल
-
63298 झाझा–धनबाद
कई ट्रेनें बीच रास्ते में खत्म, कई वहीं से शुरू
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई ट्रेनों को झाझा, जसीडीह, किउल, भागलपुर, आसनसोल और धनबाद जैसे स्टेशनों पर अस्थायी रूप से रोका या समाप्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को वहीं से प्रारंभ किया गया है।
रेलवे की अपील – सफर से पहले जरूर जांचें स्थिति
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले 139 पर कॉल, IVRS, SMS, या संबंधित स्टेशन से संपर्क कर अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें। सभी स्टेशनों पर PA सिस्टम के जरिए लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162450
Total views : 8186843