नया साल 2026 आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है। साल की शुरुआत यानी जनवरी से ही आर्थिक, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस, पैन-आधार और वेतन से जुड़े कई नए नियम लागू होंगे, जिनका सीधा असर आम नागरिक की जेब पर पड़ेगा।
नए साल में यूपीआई और डिजिटल पेमेंट से जुड़े नियमों को और सख्त किया जाएगा। फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए सिम वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को भी कड़ा बनाया जाएगा। इसके साथ ही व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप्स पर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी है, ताकि ऑनलाइन ठगी के मामलों को कम किया जा सके।
पैन और आधार को लिंक कराने की अंतिम तारीख दिसंबर में खत्म हो जाएगी। यदि तय समय तक पैन-आधार लिंक नहीं कराया गया, तो 1 जनवरी 2026 से ये निष्क्रिय हो जाएंगे। ऐसे में आईटीआर रिफंड, बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा।
सरकार इनकम टैक्स से जुड़े नियमों में भी बड़ा बदलाव करने जा रही है। अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 लागू होगा, जो 1961 के पुराने इनकम टैक्स एक्ट की जगह लेगा। वहीं 31 दिसंबर के बाद सातवां वेतन आयोग निष्प्रभावी हो जाएगा और जनवरी 2026 से आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर सरकारी कर्मचारियों को वेतन मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बैंकिंग सेक्टर में भी बदलाव देखने को मिलेगा। एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े बैंकों में लोन की ब्याज दरों में कटौती की जा सकती है। इसके साथ ही 1 जनवरी से नई फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरें भी लागू होंगी।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बदलाव तय माना जा रहा है। 1 जनवरी से गैस सिलेंडर के दाम घट या बढ़ सकते हैं, जिसका असर घरेलू बजट पर पड़ेगा। इसके अलावा सीएनजी-पीएनजी और एटीएफ यानी विमान ईंधन की कीमतों में भी बदलाव संभव है।
किसानों के लिए भी 2026 में नई व्यवस्था लागू होगी। पीएम किसान योजना के तहत किसानों को एक नई यूनिक आईडी दी जाएगी। इसके जरिए फसल बीमा, जंगली जानवरों से फसल नुकसान जैसी शिकायतों को दर्ज कर सरकार से मुआवजा मिल सकेगा।
वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में कीमतों में बढ़ोतरी के संकेत हैं। नए साल में कार और बाइक महंगी हो सकती हैं, जिससे वाहन खरीदने वालों को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162547
Total views : 8187002