नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेश यात्रा के दौरान भारतीय राजनीति को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल मचा दी है। जर्मनी के बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधते हुए भारत की चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी ने आरोप दोहराया कि बीजेपी देश के संस्थानों पर कब्जा कर रही है, जिससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल बना दिया गया है कि संस्थाएं स्वतंत्र रूप से अपना काम नहीं कर पा रहीं।
“वोट चोरी हुए, जवाब नहीं मिला”
राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोप को दोहराते हुए कहा,
“हमने यह साबित किया कि कांग्रेस हरियाणा चुनाव जीती है। हमने चुनाव आयोग से सीधे सवाल पूछे, लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला।”
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया और कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।
ED‑CBI को बताया ‘राजनीतिक हथियार’
राहुल गांधी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को लेकर भी तीखा बयान दिया।
उन्होंने कहा,
“ED और CBI को हथियार बना दिया गया है। बीजेपी के खिलाफ इन एजेंसियों के पास ज़ीरो मामले हैं, जबकि ज़्यादातर केस विपक्षी नेताओं पर हैं।”
इतना ही नहीं, राहुल ने दावा किया कि अगर कोई कारोबारी कांग्रेस का समर्थन करता है, तो उसे डराया‑धमकाया जाता है। उनके मुताबिक, संस्थागत ढांचे का इस्तेमाल राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।
“हम प्रतिरोध का सिस्टम बनाएंगे”
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ बीजेपी से नहीं, बल्कि संस्थाओं पर कथित कब्जे से लड़ रही है।
उन्होंने ऐलान किया कि
“हम लोकतंत्र पर हो रहे हमले के खिलाफ विरोध का एक सिस्टम बनाएंगे। यह लड़ाई चुनाव से कहीं ज़्यादा गहरी है।”
INDIA गठबंधन पर भी दिया जवाब
INDIA गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन की सभी पार्टियां RSS की विचारधारा से सहमत नहीं हैं, इसी बिंदु पर वे एकजुट हैं।
हालांकि उन्होंने माना कि राज्यों और स्थानीय स्तर पर रणनीतिक मुकाबले जारी रहेंगे, लेकिन संसद में वे बीजेपी का एकजुट होकर विरोध करेंगे।
“संविधान और विविधता खतरे में”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी
“संविधान और राज्यों, भाषाओं और धर्मों के बीच समानता को खत्म करने की कोशिश कर रही है।”
उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन भारत के लिए एक वैकल्पिक दृष्टिकोण की लड़ाई लड़ रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155741
Total views : 8176241