इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इंटर-प्रोविंस यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार बस से चालक का नियंत्रण छूट गया।
कंक्रीट डिवाइडर से टकराकर पलटी बस
अधिकारियों के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा सेंट्रल जावा के सेमारंग शहर में स्थित क्राप्याक टोल-वे पर हुआ। बस एक घुमावदार मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क पर बने कंक्रीट डिवाइडर से टकराई, इसके बाद पलट गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस में बैठे कई यात्री उछलकर बाहर जा गिरे, जबकि कई लोग बस के अंदर ही फंस गए।
बस में सवार थे 34 यात्री
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि हादसे के समय बस में 34 यात्री सवार थे। यह बस राजधानी जकार्ता से योग्याकार्ता जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में तोड़ा दम, कई की हालत नाजुक
बुडियोनो ने जानकारी दी कि घटनास्थल से 6 शव बरामद किए गए, जबकि 10 यात्रियों ने अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पास के दो अस्पतालों में भर्ती 18 घायलों में से 5 की हालत बेहद गंभीर और 13 की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
भयानक मंजर, राहत-बचाव जारी
प्रत्यक्षदर्शियों और टीवी फुटेज में हादसे का मंजर बेहद भयावह नजर आया। बस एक ओर पलटी हुई थी, चारों तरफ अफरा-तफरी मची थी। पुलिस, राहतकर्मी और स्थानीय लोग मिलकर घायलों को बाहर निकालते दिखे। एंबुलेंस लगातार घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचा रही थीं।
Author: Deepak Mittal









