रायपुर: कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम द्वारा 02 दिसंबर से 13 दिसंबर 2025 के बीच की गई।
संयुक्त निरीक्षण दल ने रायपुर जिले के विभिन्न मंडी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरीफ सीजन 2025-26 में अब तक 67 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि 3458.56 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
रायपुर मंडी क्षेत्र में सबसे अधिक प्रकरण
02 से 13 दिसंबर के बीच चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत रायपुर मंडी क्षेत्र में 10 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान ग्राम चरौदा से हिरेन्द्र साहू के पास से 28 क्विंटल, ग्राम कुरा में सत्यनारायण गोयल से 26 क्विंटल और कैलाश चंद साहू से 28.40 क्विंटल धान जब्त किया गया।
इसके अलावा ग्राम आमासिवनी स्थित जगन्नाथ राइस मिल से 160 क्विंटल, ग्राम बरबंदा में अम्बिका एग्रो प्रा.लि. से 112 क्विंटल और राम एग्रो प्रा.लि. से 102 क्विंटल धान जब्त किया गया। ग्राम कुरा में खाटुश्याम राइस मिल से 209 क्विंटल और श्री खाटुश्याम साटटेक से 206 क्विंटल धान मिला। वहीं ग्राम पण्डरभट्टा, मनोहरा सहित अन्य स्थानों से भी कार्रवाई की गई।
नवापारा, आरंग और अन्य मंडी क्षेत्रों में भी कार्रवाई
नवापारा मंडी क्षेत्र में 5 प्रकरण दर्ज करते हुए ग्राम पोड़, परसदा, पारागांव, नवापारा और पिपरौद से कुल 541.16 क्विंटल धान जब्त किया गया।
आरंग मंडी क्षेत्र में 7 प्रकरणों में विष्णु लोधी, रामचरण वर्मा, यशवंत शर्मा, चंद्रशेखर देवांगन, दलेश्वर साहू, स्वास्तिक ट्रेडर्स और जे.एन. ट्रेडर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया।
इसके अलावा नेवरा मंडी क्षेत्र से 3 प्रकरण और अभनपुर मंडी क्षेत्र से 2 प्रकरण दर्ज किए गए, जहां ग्राम पचरी, आलेसुर, खोरपा और झांकी से अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया गया।
प्रशासन की सख्ती जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन और भंडारण पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ जुर्माना और अन्य दंडात्मक प्रावधान भी लागू किए जाएंगे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155888
Total views : 8176473