IND vs SA: तिलक वर्मा बने भारत के नए रन-चेज मास्टर, धर्मशाला में तोड़ा विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20I में सबसे ज्यादा औसत, रन चेज में भी कोहली से आगे निकले

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को एक नया रन-चेज मास्टर मिल गया है। टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिससे उन्होंने विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। 23 वर्षीय बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ औसत

तीसरे टी20 मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा ने 35 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। भले ही यह पारी बड़ी न दिखे, लेकिन इसकी अहमियत रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गई। इस पारी के साथ ही तिलक वर्मा का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20I औसत 70.50 पहुंच गया, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का किसी एक टीम के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ औसत है।
इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया, जिनका पाकिस्तान के खिलाफ औसत 70.28 का रहा है।

रन चेज में भी कोहली से आगे

तिलक वर्मा सिर्फ किसी एक टीम के खिलाफ ही नहीं, बल्कि टी20 इंटरनेशनल में रन चेज करते हुए भी सर्वश्रेष्ठ औसत के मामले में आगे निकल गए हैं।
रन चेज में उनका औसत अब 68 का हो गया है, जबकि विराट कोहली का औसत 67.10 रहा है।

आंकड़ों में तिलक वर्मा का दबदबा

टी20 इंटरनेशनल में किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा औसत (भारतीय बल्लेबाज, न्यूनतम 300 रन)

  • तिलक वर्मा बनाम साउथ अफ्रीका – 70.50

  • विराट कोहली बनाम पाकिस्तान – 70.28

  • विराट कोहली बनाम श्रीलंका – 67.80

  • केएल राहुल बनाम वेस्टइंडीज – 58.83

  • विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज – 57.00

टी20 इंटरनेशनल में रन चेज के दौरान सर्वश्रेष्ठ औसत (न्यूनतम 500 रन)

  • तिलक वर्मा – 68

  • विराट कोहली – 67.10

  • एमएस धोनी – 47.71

  • जेपी डुमिनी – 45.55

  • कुमार संगकारा – 44.93

मौजूदा सीरीज में भी शानदार फॉर्म

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20I सीरीज में तिलक वर्मा ने तीन मैचों में 113 रन बनाए हैं। इसमें पहले मैच में 26 रन, दूसरे मैच में 62 रन और तीसरे मैच में नाबाद 25 रन शामिल हैं।
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक ने अब तक 14 पारियों में 58.5 की औसत से 468 रन बना लिए हैं। कुल मिलाकर उन्होंने 39 टी20 मैचों में 1110 रन बनाए हैं, वह भी 48.26 की औसत से।

धर्मशाला की इस पारी के साथ तिलक वर्मा ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ भविष्य के स्टार नहीं, बल्कि मौजूदा दौर में भारत के सबसे भरोसेमंद रन-चेज बल्लेबाज बन चुके हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment