जशपुर में बनेगा अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, 20.53 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
रायपुर, 13 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी (आर्चरी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा CSR फंड से 20.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
युवा तीरंदाजों को मिलेगा विश्व स्तरीय प्रशिक्षण
यह अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। प्रस्तावित अकादमी में वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, आउटडोर रेंज, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर और छात्रावास (हॉस्टल) जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।
जशपुर बनेगा तीरंदाजी प्रतिभाओं का नया केंद्र
अकादमी के निर्माण से ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं अपने जिले में ही मिलेंगी। यह पहल आने वाले समय में जशपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं के हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।
एनटीपीसी का CSR सहयोग
तीरंदाजी अकादमी के निर्माण में एनटीपीसी लिमिटेड अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत वित्तीय सहयोग प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र में खेल अवसंरचना मजबूत होगी और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
युवाओं में खुशी, मुख्यमंत्री का जताया आभार
इस घोषणा के बाद जशपुर जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है। स्थानीय खिलाड़ियों और नागरिकों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल खेल विकास को नई दिशा देगी, बल्कि देश को भविष्य के अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज भी दे सकती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162383
Total views : 8186708