SSP ने तुरंत कार्रवाई की, दो सिपाही और दो दरोगा निलंबित, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अलीगढ़: यूपी पुलिस की छवि को धक्का देने वाला मामला सामने आया है, जहां नशे में धुत पुलिसकर्मी ड्यूटी पर सरकारी वाहन चला रहे थे और उसकी वजह से गाड़ी सड़क किनारे बने सूखे नाले में पलट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें पुलिसकर्मियों का अभद्र व्यवहार और मारपीट भी नजर आ रहा है।
मामला क्या है?
घटना गांधी पार्क थाना क्षेत्र की है। PRV-112 के अंतर्गत तैनात PRV संख्या 0732 वाहन देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी आम नागरिक को चोट नहीं आई, लेकिन सरकारी वाहन को नुकसान हुआ।
हादसे के बाद जब क्रेन चालक ने वाहन निकालने के लिए 500 रुपये मेहनताना मांगा, तो नशे में धुत पुलिसकर्मी भड़क गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट कर दी। यह पूरी घटना लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिससे वीडियो वायरल हो गया।
एसएसपी ने लिया सख्त एक्शन
अलीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने तुरंत जांच के आदेश दिए। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर दो सिपाही मनोज और कृष्ण बिहारी को निलंबित कर दिया गया। आरोपों में ड्यूटी के दौरान शराब पीना, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाना और आम नागरिक के साथ मारपीट शामिल है।
साथ ही, PRV-112 की मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने के आरोप में दो दरोगा मुकेश कुमार और उदयवीर सिंह को भी निलंबित किया गया। उनका आरोप था कि उन्होंने समय रहते हालात को संभालने और उच्चाधिकारियों को सूचना देने में लापरवाही बरती।
एसएसपी का बयान
SSP नीरज कुमार जादौन ने कहा, “पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है। ड्यूटी के दौरान शराब पीना, अभद्र व्यवहार और आम जनता के साथ मारपीट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की वर्दी जनता के विश्वास की पहचान है और इस विश्वास को तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और एसएसपी ने संकेत दिए हैं कि अगर जांच में किसी और पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने PRV जैसी आपातकालीन सेवाओं की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162440
Total views : 8186827