रायपुर: राजधानी रायपुर में सोमवार को कोर्ट परिसर में एक गंभीर सुरक्षा चूक का मामला सामने आया, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफलता पाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नई FIR दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। घटना ने कोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्र आर क्रमांक 1679 जयदेव सोम और उनके हमराह प्र आर क्रमांक 1291 जहांगीर खान ने कुल पांच आरोपियों को रायपुर न्यायालय में पेश किया। इस दौरान थाना राजिम, जिला गरियाबंद के अपराध क्रमांक 389/25, धारा 20(B) NDPS Act के आरोपी आशीष राजावत को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पंकज सिन्हा की अदालत में पेश किया जाना था।
आरोपी आशीष राजावत की हथकड़ी लगी हुई थी, लेकिन करीब 3:55 बजे उसने अपने हाथ की हथकड़ी चालाकी से सरकाकर पुलिस को धक्का देते हुए कोर्ट परिसर से भागने में सफलता पाई। प्र आर जयदेव सोम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें चकमा देकर घड़ी चौक की तरफ भाग गया।
घटना के तुरंत बाद प्र आर जहांगीर खान को इसकी जानकारी दी गई और कोर्ट परिसर में अलर्ट जारी किया गया। पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। थाना सिविल लाइन, रायपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी आशीष राजावत, पिता दशरथ, उम्र 26 वर्ष, निवासी ककारा वार्ड 06, थाना नयागांव, जिला भिंड (म.प्र.) के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश रायपुर के संभावित इलाकों के साथ अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों में भी कर रही है। एनडीपीएस जैसे गंभीर मामले के आरोपी का कोर्ट परिसर से फरार होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी कमजोरी को उजागर करता है। घटना के बाद कोर्ट सुरक्षा में और सख्ती किए जाने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं विभागीय स्तर पर भी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154894
Total views : 8174976