दुर्ग: शहर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ युवकों को सड़क के बीच जन्मदिन मनाते और चाकू से केक काटते दिखाया गया। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं।
घटना 27 नवंबर की है। वायरल वीडियो में आरोपियों अंकित कुरील (18), अशोक मालापुर (35), प्रेम चंद्राकर (22) और दो नाबालिग सड़क के बीच जन्मदिन मनाते दिखाई दिए। आरोपियों ने मोचीपारा, दुर्ग स्थित रविदास मंदिर के पास वर्मा इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के सामने अपनी बाइक खड़ी कर यातायात बाधित किया। इसके बाद उन्होंने बाइक पर केक रखा और धारदार लोहे के चाकू से केक काटा, जिसे हवा में लहराते हुए वीडियो बनाया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान धारदार लोहे का चाकू भी बरामद किया गया।
इस संबंध में धारा 126(2), 191(2) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8198712
Total views : 8236288