रायपुर: प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राजधानी में जारी हाई अलर्ट के बीच शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती के भाई रौनक तांडी पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना रात लगभग 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, रौनक अपनी बहन के साथ घर के पास निकला हुआ था। तभी क्षेत्र के ही हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबो सैंदरे और ईशान दीप ने युवती से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की कोशिश की। रौनक ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में रौनक के हाथ, सीने और पीठ पर कई गहरे घाव आए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना स्थल पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम गठित की। प्रारंभिक जांच में सभी आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें दर्ज हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों पर हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हाई अलर्ट के बावजूद हुई यह वारदात शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8179934
Total views : 8211201