आरंग। रायपुर-आरंग रोड स्थित नेशनल हाईवे 53 के किनारे बने लवली ढाबा में एक युवक की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक मिस्त्री को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
ढाबा दो दिन से बंद, स्टाफ क्वार्टर में मिली लाश
आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि घटना 25 नवंबर 2025 की है। लवली ढाबा पिछले दो दिनों से बंद था। ढाबे के पीछे स्थित स्टाफ क्वार्टर में एक अज्ञात युवक की लाश मिली। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच अनुमानित है। उसके माथे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिसके चलते हत्या की आशंका पर एफएसएल टीम को बुलाया गया।
मिस्त्री ने लकड़ी के बत्ते से हत्या की बात कबूली
ड्यूटी पर मौजूद मिस्त्री चुन्नू टंडन (35), निवासी भाटापारा-तुमगांव, को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि जब वह ढाबा पहुंचा तो अज्ञात युवक क्वार्टर में मौजूद था। वहां से जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चुन्नू ने लकड़ी के बत्ते से उसके सिर पर वार कर दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मृतक संभवतः किसी ट्रक का हेल्पर हो सकता है, जो रुकने के लिए जगह तलाशते हुए क्वार्टर में पहुंचा होगा। आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिए पड़ताल जारी है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165654
Total views : 8191636