CM साय ने रेल मंत्री से छत्तीसगढ़ में रेल विकास पर की विस्तृत चर्चा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की और राज्य में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए प्रोजेक्ट्स की प्रगति तथा मौजूदा परियोजनाओं के शीघ्र पूर्ण होने पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि राज्य में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाए, जिससे नागरिकों, उद्योगों और व्यापारियों को बेहतर, तेज़ और सुरक्षित परिवहन सुविधाएँ मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल विकास अभूतपूर्व गति से हो रहा है। रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस की शुरुआत से पर्यटन, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि 2014 से 2030 के बीच राज्य में रेल लाइन का विस्तार दोगुना होने जा रहा है, जबकि 1853 से 2014 तक केवल 1100 किलोमीटर ही बढ़ी थी। पिछले 10 वर्षों में रेल बजट में 22 गुना वृद्धि हुई है और वर्ष 2025–26 में 6,925 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन छत्तीसगढ़ में रेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

राज्य में 47,447 करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी परियोजनाएँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इनमें खरसिया–नवा रायपुर–परमालकसा, गेवरा–पेंड्रा, रावघाट–जगदलपुर, खरसिया–धरमजयगढ़ और बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी लाइन शामिल हैं। ये परियोजनाएँ छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को नई ऊँचाई देंगी। इसके अतिरिक्त, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत कुल 32 स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास तेजी से जारी है। इन परियोजनाओं से यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक रेलवे स्टेशन उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ को देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर वाले राज्यों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी रेल परियोजनाएँ समय पर पूरी होंगी और राज्य के विभिन्न हिस्सों को जोड़कर आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ के लिए स्वीकृत परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए और उनके शीघ्र कार्यान्वयन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ। इस भेंट और चर्चा के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि छत्तीसगढ़ में रेल विकास को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पूरी तरह समर्पित हैं, और आने वाले वर्षों में राज्य का रेल नेटवर्क और आधुनिक व तीव्र गति वाले परिवहन साधनों से समृद्ध होगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment