गैंगरेप की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के रमना गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक खेत में नग्न अवस्था में महिला का शव देखा। शव की हालत बेहद खराब थी और उसके शरीर को जानवरों ने नोच डाला था। यह दृश्य देखकर मौके पर पहुंचे लोग सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौदहा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास हो सकती है, हालांकि अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका
शव की हालत को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई होगी। पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कई एंगल से जांच शुरू
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, ग्रामीणों में इस विभत्स वारदात को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि अपराधियों को जल्द पकड़ा जाए और सख्त सजा दी जाए।
इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8188909
Total views : 8223410