बलौदाबाजार। जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल एक बार फिर जरूरतमंद के लिए संबल बनी है। ग्राम तरेंगा, तहसील भाटापारा निवासी मनोज आडिल (पिता स्व. आजूराम आडिल) को जिला संपर्क केंद्र की तत्परता से कृत्रिम अंग प्रदान किया गया। लंबे समय से मनोज आडिल कृत्रिम अंग के अभाव में दैनिक कार्यों में कठिनाई झेल रहे थे।
मनोज ने अपनी समस्या संयुक्त जिला कार्यालय स्थित संपर्क केंद्र के मोबाइल नंबर पर दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही संपर्क केंद्र ने तत्काल समाज कल्याण विभाग से समन्वय स्थापित किया। विभाग ने बिना विलंब के आवश्यक कार्रवाई करते हुए मनोज को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराया।
कृत्रिम अंग मिलने के बाद मनोज आडिल ने कलेक्टर दीपक सोनी, जिला प्रशासन और संपर्क केंद्र के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल उनके जीवन में नया आत्मविश्वास लेकर आई है।
प्रशासन की मानवीय पहल बनी मिसाल
संपर्क केंद्र की यह पहल न केवल शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक समय पर पहुँचाने का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह जनसेवा के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
Author: Deepak Mittal









