अंबिकापुर। शहर के आकाशवाणी चौक क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर आरोप है कि वह बाहर से लड़कियां बुलाकर उनका सौदा करती थी और कमीशन लेती थी। पुलिस ने मौके से चार युवतियों को मुक्त कराया है। मामला महिला थाने में दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला लंबे समय से इस धंधे में संलिप्त थी। वह बाहर से लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों को अपने घर में कमरा उपलब्ध कराती थी। आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ दिनों से घर में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी, जिससे मोहल्ले में असुरक्षा का माहौल था।
युवक को ग्राहक बनाकर की गई कार्रवाई
सीएसपी राहुल बंसल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने एक युवक को ग्राहक बनाकर घर भेजा, जहां महिला ने लड़कियों का सौदा किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापा मारकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने महिला के पास से दो हजार रुपये नकद, एक डायरी और आपत्तिजनक सामान जब्त किया है। उसके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, चारों लड़कियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
सीएसपी राहुल बंसल ने कहा कि ऐसे अपराध समाज और कानून दोनों के लिए गंभीर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करती रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
मोहल्लेवासियों ने जताया संतोष
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस महिला की गतिविधियों से इलाके का माहौल बिगड़ रहा था। पुलिस की तत्परता से अब मोहल्ले में शांति और सुरक्षा का माहौल है।
लगातार हो रही कार्रवाई
अंबिकापुर में यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में पुलिस ने कई बार ऐसे देह व्यापार गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने युवाओं और महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अनैतिक प्रस्ताव या दबाव में न आएं और तुरंत संबंधित थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।
सीएसपी बंसल ने कहा कि पुलिस समाज को सुरक्षित और स्वच्छ रखने के लिए लगातार कार्रवाई करती रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167169
Total views : 8194192