मेमू-मालगाड़ी टक्कर में घायल युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम, रेल प्रशासन देगा मुआवजा
बिलासपुर। बिलासपुर में हुए मेमू और मालगाड़ी के बीच हुए हादसे में एक और घायल ने दम तोड़ दिया है। 19 वर्षीय मेहविश परवीन, जो जांजगीर-चांपा की रहने वाली थी, मंगलवार देर रात अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान चल बसी। वह हादसे के बाद से ही गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में थी। करीब आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने अंतिम सांस ली।
इस हादसे में अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मृतका की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और रेलवे अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
गौरतलब है कि 4 नवंबर की शाम 4:10 बजे गतौरा-लालखदान ओवरब्रिज के बीच यह भीषण हादसा हुआ था, जब गेवरारोड-बिलासपुर मेमू ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई थी। दुर्घटना में 11 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को रेलवे प्रशासन की मदद से शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।
रेल प्रशासन ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, हादसे की जांच रेलवे और सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम कर रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8207953
Total views : 8247800