सहारनपुर में दो घंटे तक तनाव, पुलिस ने कराया मामला शांत
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के सढ़ौली हरिया गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने जमीन विवाद को लेकर अपनी पत्नी और दो बेटियों को घर में घुसने से रोक दिया। स्थिति तब बिगड़ गई जब समाजसेवी कोमल गुर्जर और ग्रामीणों ने महिला और बेटियों को घर में दाखिल कराने की कोशिश की, तभी आरोपी पति बालेश कुमार छत पर चढ़ गया और नीचे खड़ी भीड़ पर पत्थर फेंकने लगा। अचानक हुए इस पथराव से भगदड़ मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान समाजसेवी कोमल गुर्जर घायल हो गईं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। जांच में पता चला कि बालेश छह दिन पहले अपनी पत्नी गीता देवी और बेटियां आंचल व आरजू को घर से निकाल चुका था। तीनों तभी से गांव में इधर-उधर भटक रही थीं। परिवार में जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जो फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
समाजसेवी महिलाओं ने शनिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित मां-बेटियों को घर में प्रवेश दिलाने की कोशिश की, लेकिन बालेश ने उन्हें अंदर रहने से इनकार कर दिया। जब ग्रामीणों ने समझाने की कोशिश की, तो उसने छत से पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और बाद में महिलाओं को सुरक्षा में घर के अंदर दाखिल कराया गया।
महिला समाजसेवियों ने इस घटना को “शर्मनाक” बताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मां-बेटियों के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ है और प्रशासन को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस बीच सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें बालेश कहते हुए नजर आ रहा है कि उसने तलाक के लिए कोर्ट में आवेदन किया है। वह दावा कर रहा है कि अदालत जो आदेश देगी, वही मान्य होगा, फिलहाल वह पत्नी को 25 हजार रुपये देकर अलग रहने का प्रस्ताव दे रहा है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मामला देहात कोतवाली क्षेत्र का है। पति-पत्नी के बीच जमीनी बंटवारे को लेकर विवाद था। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर पति ने छत से पथराव किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा दिया है और अब पूरे मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8210636
Total views : 8251081