सर्व दल मंच के संघर्ष और नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू की पहल से मिला बड़ा परिणाम — केंद्रीय दल ने चयन स्थल को दी 90% मंजूरी, जल्द शुरू होगा विद्यालय का संचालन

दल्लीराजहरा।लगभग 10 वर्षों की लंबी मेहनत और संघर्ष के बाद आखिरकार दल्लीराजहरा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को नई दिल्ली से केंद्रीय दल दल्लीराजहरा के चिखलाकसा क्षेत्र पहुंचा और विद्यालय स्थापना के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। पहली ही नजर में दल ने स्थल को लगभग 90 प्रतिशत तक हरी झंडी दे दी है।
केंद्रीय दल ने अपने पहले सर्वे में यह माना कि स्थल केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए उपयुक्त है। साथ ही, बीएसपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 की बिल्डिंग को अस्थायी संचालन स्थल के रूप में स्वीकृति मिल गई है। यह दल्लीराजहरा और आसपास के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
सर्व दल मंच की वर्षों की मेहनत लाई रंग,,
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर सर्व दल मंच ने पिछले वर्षों में लगातार धरना, प्रदर्शन, आंदोलन और नगर बंद जैसे अनेक कार्यक्रम किए थे। मंच के नेतृत्व ने हर स्तर पर अपनी आवाज बुलंद की — चाहे वह जिला, राज्य या केंद्र सरकार हो। मंच के इन सतत प्रयासों से यह मुद्दा दिल्ली तक पहुंचा।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू ने इस मुहिम में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने पहले दिन से ही पत्राचार प्रारंभ कर इस अभियान को दिशा दी। उनके नेतृत्व में नगर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर दल्लीराजहरा को केंद्रीय विद्यालय का हक दिलाने में अहम योगदान दिया।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने दी जानकारी
जिला कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने बताया कि केंद्रीय दल के प्रतिनिधि आज दल्लीराजहरा पहुंचे और स्थल का सर्वेक्षण कर 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। अब केवल कुछ दस्तावेजी औपचारिकताएं बाकी हैं, जिनके पूर्ण होने के बाद रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को भेजी जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बताया कि वे स्वयं केंद्रीय दल के साथ स्थल निरीक्षण में मौजूद थीं। अस्थायी संचालन के लिए बीएसपी विद्यालय की बिल्डिंग को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय दल ने अपनी रिपोर्ट में विद्यालय की स्थापना के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं।

अब सिर्फ अंतिम मंजूरी का इंतजार
सभी सर्वेक्षण और भूमि चयन की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। केंद्रीय दल अब दिल्ली लौटकर अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपेगा, जिसके बाद अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। आगामी 15 दिनों में केंद्रीय बजट की घोषणा के साथ ही विद्यालय स्थापना की औपचारिक घोषणा हो सकती है।

दल्लीराजहरा नगर में खुशी का माहौल
यह खबर मिलते ही दल्लीराजहरा में खुशी और गर्व का माहौल है। नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। सभी का मानना है कि यह केवल एक विद्यालय की स्थापना नहीं, बल्कि दल्लीराजहरा के शिक्षा क्षेत्र के स्वर्णिम भविष्य की शुरुआत है।

लगभग दस वर्षों के जनसंघर्ष, सामूहिक एकजुटता और स्थानीय नेतृत्व की दृढ़ इच्छाशक्ति ने आज दल्लीराजहरा के लिए वह सपना साकार कर दिया है, जो कभी असंभव लगता था — केंद्रीय विद्यालय अब दल्लीराजहरा में हकीकत बनने जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









