राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
रायगढ़ राज्योत्सव में बोले – 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना में हुआ अभूतपूर्व विस्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। उन्होंने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और सभी को राज्य स्थापना की रजत जयंती की हार्दिक बधाई दी।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव और आत्मगौरव का क्षण है कि छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और संकल्प को जाता है, जिनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक समृद्ध और प्रगतिशील राज्य के रूप में उभर सका है।
“विजन 2047” की दिशा में आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़
वित्त मंत्री चौधरी ने प्रदेशवासियों से विजन 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है, तब छत्तीसगढ़ भी उसी संकल्प के साथ तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सात घंटे राज्य में व्यतीत कर अनेक विकास कार्यों की सौगात दी, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
राज्य निर्माण से अब तक की विकास यात्रा
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य निर्माण से पहले छत्तीसगढ़ को अपनी खनिज और वन संपदा का पूर्ण लाभ नहीं मिल पाता था, परंतु अब परिस्थितियाँ पूरी तरह बदल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय जहाँ केवल एक शासकीय मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 14 हो चुकी है और जल्द ही 20 से अधिक मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहे हैं। एमबीबीएस सीटें भी 100 से बढ़कर 2000 तक पहुँचने वाली हैं।
आज प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय संस्थान संचालित हो रहे हैं, जो छत्तीसगढ़ की शैक्षणिक प्रगति के प्रतीक हैं।
रायगढ़ में तेजी से बढ़ रहे विकास कार्य
वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायगढ़ जिला निरंतर प्रगति कर रहा है। यहाँ उद्योग, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
-
लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण जारी है।
-
संस्कृत महाविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, उद्यानिकी महाविद्यालय और नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी तैयार हो रहे हैं।
-
रायगढ़ में ऑक्सीजोन पार्क, एथलेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल, क्रिकेट और फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण प्रगति पर है।
-
साथ ही सड़क चौड़ीकरण और नगरीय विकास के कार्यों में भी तेजी आई है।
स्कूली बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियाँ
राज्योत्सव समारोह के प्रथम दिन स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में श्रीमती सोमादास एवं समूह ने गणेश वंदना, डॉ. दीपिका सरकार एवं समूह ने शिव स्तोत्र नृत्य, कुमारी मानवी अग्रवाल ने कथक नृत्य तथा कार्मेल कन्या स्कूल के विद्यार्थियों ने मराठी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166163
Total views : 8192465