छत्तीसगढ़ आ रहे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
राजनांदगांव में 5 नवंबर को उदयाचल आई केयर और रिसर्च संस्थान का लोकार्पण
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 5 नवंबर को ‘उदयाचल मल्टी स्पेशलिटी आई केयर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट’ का लोकार्पण होगा। इस अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन उपस्थित रहकर नेत्र चिकित्सालय का उद्घाटन करेंगे। यह संस्थान आंखों की संपूर्ण जांच और रेटिना उपचार धर्मार्थ दरों पर उपलब्ध कराएगा।
लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव सहित महापौर मधुसूदन यादव भी शामिल होंगे। यह राजनांदगांव के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि यह शहर में किसी उपराष्ट्रपति का पहला दौरा होगा।
‘उदयाचल’ संस्था के पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना के प्रयासों से उपराष्ट्रपति ने राजनांदगांव आकर चिकित्सालय का लोकार्पण करने की स्वीकृति दी है। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र बाफना ने बताया कि एक छोटे शहर में धर्मार्थ अस्पताल के लिए उपराष्ट्रपति की स्वीकृति मिलना ऐतिहासिक महत्व रखता है।
उदयाचल परिवार ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे स्टेट हाईस्कूल में आयोजित लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें। संस्था के सूचना प्रकाशन प्रभारी गौतम बाफना ने यह जानकारी दी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8210781
Total views : 8251244