रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को अपने कैम्प कार्यालय बगिया (जशपुर) में सपरिवार गोवर्धन पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की माता जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी कौशल्या साय सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायक लीला की स्मृति है, जब उन्होंने गोकुलवासियों को प्रलयकारी वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाकर सभी को आश्रय दिया था। यह पर्व समाज को एकता, सहयोग और विश्वास की शक्ति का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह कृतज्ञता, सह-अस्तित्व और प्रकृति-पूजन का प्रतीक है। इस दिन गोवंश की पूजा की जाती है, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा — गौ-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण — को जीवंत रखती है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व के माध्यम से प्रकृति और पशुधन के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को आगे बढ़ाएं।

Author: Deepak Mittal










Total Users : 8236456
Total views : 8283913