चुनरी के सहारे फंदे पर झूली महिला, रहस्यमय हालात से बढ़ा सस्पेंस
कोरबा के पुष्प पल्लव कॉलोनी की घटना, परिजन बोले—सब कुछ था सामान्य, फिर ऐसा क्यों हुआ?
कोरबा। दर्री स्थित पुष्प पल्लव कॉलोनी में एक कामकाजी महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की खिड़की से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मंजू राव के रूप में हुई है। परिजनों ने इस घटना में अनहोनी की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, मंजू राव का शव चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पति सुनील राव ने बताया कि रात को परिवार ने साथ में खाना खाया और सब सोने चले गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने पत्नी को देखा, तो वह खिड़की से फंदे पर झूल रही थी। उन्होंने तत्काल पड़ोसियों और रिश्तेदारों को बुलाया और डॉक्टर को सूचना दी, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार सदमे में है। पति और मायके पक्ष दोनों ने कहा कि शादी के बाद से दंपती के बीच कोई विवाद नहीं था। मंजू दो बच्चों की मां थीं — एक बेटी आठवीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि छोटा बेटा अभी नर्सरी में है।
फिलहाल दर्री थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजन भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि मंजू ने ऐसा कदम क्यों उठाया, क्योंकि घर में किसी तरह का तनाव या झगड़ा नहीं था।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8242377
Total views : 8291185