छत्तीसगढ़ में पहली स्पेस एजुकेशन लैब का उद्घाटन, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर हुआ नामकरण

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal


रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संभाग की पहली स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण किया। यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर समर्पित की गई है।

डीएमएफ के सहयोग से स्थापित यह लैब विद्यार्थियों में अंतरिक्ष, भौतिकी, भूगोल और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने छात्राओं से लैब के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की और उनके नवाचारों को सराहा।

कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की अनुजा ने “ऐरोहब मॉडल” का प्रदर्शन किया, वहीं कक्षा 12वीं की उन्नति ने “वर्चुअल रियलिटी” तकनीक का उपयोग समझाया। अन्य छात्राओं ने भी अंतरिक्ष से संबंधित उपकरणों और मॉडलों की कार्यप्रणाली का जीवंत प्रदर्शन किया।

राज्यपाल रमेन डेका ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा, “आज का युग विज्ञान का युग है। विज्ञान के लाभों और प्रभाव से कोई इंकार नहीं कर सकता। यह लैब न केवल अंतरिक्ष विज्ञान बल्कि अन्य विज्ञान विषयों में भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।”

उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा की और लैब के लिए ड्रोन, स्मार्ट बोर्ड और प्रोजेक्टर उपलब्ध कराने की घोषणा की।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment