रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक पत्र भेजकर राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 3 प्रतिशत शीघ्र महंगाई भत्ता (DA) देने की मांग की है। इसके साथ ही, फेडरेशन ने रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर राज्य के अधिकारी और कर्मचारियों को दिवाली के पहले विशेष बोनस प्रदान करने का अनुरोध भी किया है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है, जो केंद्र सरकार द्वारा घोषित 3 प्रतिशत DA लाभ से कम है। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक और छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि पत्र में जुलाई 2025 से केंद्र सरकार के समान DA देने की मांग विशेष रूप से रखी गई है।
फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों में यह प्रमुख मांग शामिल है। 25 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री निवास में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा में इस विषय को उठाया गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। फेडरेशन राज्य के 125 मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त संगठनों का प्रतिनिधि संगठन है।
इसके अतिरिक्त, फेडरेशन ने एक और पत्र भेजकर दिवाली से पहले विशेष बोनस देने की भी अपील की है। उनका कहना है कि राज्य के गठन के 25 सालों में छत्तीसगढ़ ने कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में उन्हें प्रोत्साहन और सम्मान स्वरूप बोनस मिलना चाहिए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155966
Total views : 8176603