मुंगेली में आज होगा जवारा विसर्जन, मंदिरों में उमड़ा भक्तों का अपार सैलाब

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111

मुंगेली :  नवरात्रि पर्व की भव्यता इन दिनों पूरे जिले में चरम पर है। देवी दुर्गा के जयकारों से गूंजते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मां दुर्गा के दरबार में अपनी मन्नतें मांगीं और सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रमुख शक्ति स्थलों पर विशेष आयोजन

जिले के प्रमुख शक्ति स्थलों—शक्ति मंदिर, महामाया मंदिर, दुर्गा मंदिर, खर्रीपारा स्थित काली मंदिर और हथनिकला मंदिर—में अष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और देवी जागरण आयोजित किए गए। भक्तों ने अखंड ज्योत जलाकर माता रानी को अपनी श्रद्धा अर्पित की। जगह-जगह भक्त मंडलों द्वारा माता की चौकी और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जवारा विसर्जन की तैयारी

धार्मिक परंपराओं के अनुसार, बुधवार (1 अक्टूबर) की सुबह दाऊपारा एवं मल्लाह पारा स्थित महामाया मंदिर परिसर से जवारा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भक्त झूमते-गाते मां के जवारा को विसर्जन के लिए ले जाएंगे। शाम को शहर का माहौल और भक्तिमय हो जाएगा, क्योंकि रात्रि 8 बजे खर्रीपारा स्थित काली मंदिर से मां काली की ज्योत निकलेगी, जबकि रात्रि 12 बजे महामाया मंदिर सोनार पारा से जवारा विसर्जन होगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन की व्यवस्थाएं

नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, जबकि नगरपालिका द्वारा साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विसर्जन मार्ग पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।

भक्तों का उत्साह

सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन मुंगेलिहा ने बताया कि नवरात्रि में जिलेभर के भक्त बड़ी आस्था और उल्लास के साथ शामिल हो रहे हैं। मंदिरों में सुबह से देर रात तक पूजा-पाठ का सिलसिला जारी है, विशेषकर अष्टमी और नवमी पर भीड़ चरम पर होती है।

पूरा जिला भक्ति के आध्यात्मिक माहौल में डूबा है, जहां मां दुर्गा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण दिव्य और ऊर्जावान हो गया है। श्रद्धालु बेसब्री से जवारा विसर्जन का इंतजार कर रहे हैं, जो नगर की सड़कों पर धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत दृश्य पेश करेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *