महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल,जिले के 05 सदन शामिल
निर्मल अग्रवाल ब्यूरो चीफ मुंगेली 8959931111
मुंगेली, 23 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के 18 जिलों में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया, जिसमें मुंगेली जिले के 05 सदन भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम में संपदा ऐप का शुभारंभ तथा लखपति दीदी एवं महतारी सदन पुस्तिका का प्रदर्शन भी किया गया।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिलाओं के स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता, आपसी समरसता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है। धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इन सदनों का लोकार्पण करते हुए कहा कि महतारी सदन महिलाओं के सीखने, पढ़ने और दिशा-निर्देशन का एक महत्वपूर्ण मंच है। यह कौशल शिक्षा, उद्यमिता प्रशिक्षण और आत्मनिर्भर नारी निर्माण की दिशा में सशक्त कदम है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों के महतारी सदन के हितग्राहियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री से संवाद किया। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम नवागांव वेंकट की प्रेमा केवर्त ने बताया कि महतारी सदन सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे महिलाओं को एक साथ बैठक करना और आजीविका पर चर्चा करना आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और सदन का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उपमुख्यमंत्री की ओर से महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
जिले में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में लोरमी विकासखंड के नवागांव वेंकट में महतारी सदन के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव पहल है। किसी भी संकट की स्थिति में महिलाओं को आश्रय, सुरक्षा और आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं में जागरूकता बढ़ने की बात कही। महिलाओं की तरक्की से ही देश की तरक्की संभव है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के बैंक खाते में प्रतिमाह 1,000 रुपये हस्तांतरित किए जा रहे हैं। सरकार सभी वादों को पूरा करने की दिशा में कार्यरत है, जिसमें पक्के मकान, धान खरीदी, पीएम आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले में 05 महतारी सदनों का लोकार्पण हुआ है, जिसमें किचन, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और महिलाएं उपस्थित रहीं।
लखपति दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए 05 स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही 10 समूहों को चक्रीय निधि के तहत 15-15 हजार रुपये और 10 समूहों को सामुदायिक निवेश कोष के तहत 60-60 हजार रुपये के चेक वितरित किए। ग्रामीणों की मांग पर वेंकट नवागांव स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।

Author: Deepak Mittal
