करबला तालाब का बदलता स्वरूप: विधायक राजेश मूणत ने सौंदर्यीकरण कार्य का किया निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने मंगलवार को करबला तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह महत्वाकांक्षी कार्य लगभग 2.44 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जो क्षेत्रवासियों को एक स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल प्रदान करेगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने ज़ोन क्रमांक 7 के आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सबसे पहले तालाब की परिक्रमा पथ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण का निर्देश दिया। साथ ही, कार्य प्रारंभ करने से पूर्व व्यापक सफाई अभियान चलाकर सम्पूर्ण परिसर को गंदगी से मुक्त करने को कहा।

विधायक ने मंदिर साइड से पाथवे निर्माण की शुरुआत पर जोर देते हुए कहा कि उसका मजबूत बेस तैयार किया जाए ताकि भविष्य में धंसने जैसी समस्या न आए। निरीक्षण के दौरान मंदिर के पीछे स्थित एक ट्रांसफॉर्मर की स्थिति पर भी उन्होंने संदेह जताया और निर्देश दिया कि यह जांचा जाए कि वह शासकीय भूमि पर है या निजी पर। यदि वह शासकीय ज़मीन पर है तो संबंधित व्यक्ति को उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

विधायक ने दिए ये प्रमुख निर्देश:

  • तालाब की सीमा पर गेट निर्माण

  • चारों कोनों में चेन माउंटेड मशीन से मिट्टी की सफाई

  • मंदिर के पीछे कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड पार्किंग और सेटबैक जांच

  • पेरीफेरी बाउंड्री का शीघ्र निर्माण

  • बरगद के पुराने पेड़ के चारों ओर सजावटी प्लेटफार्म

  • हमर क्लिनिक के पास पेवर का मजबूत बेस

  • डॉक्टर जाउलकर नर्सिंग होम के पास हरियाली युक्त ज़मीन की सफाई और ओपन जिम एवं योग केंद्र की स्थापना

इस दौरान मंदिर के सामने एक मकान मालिक ने सराहनीय पहल करते हुए स्वयं कहा कि यदि उनका मकान निर्माण में बाधा बनता है, तो वे उसे अपने खर्च पर हटाने के लिए तैयार हैं, जिसकी विधायक मूणत ने खुले दिल से प्रशंसा की।

विधायक मूणत ने कहा कि करबला तालाब को एक ऐसा स्थल बनाया जाएगा जो लोगों के लिए सुंदर वॉकिंग जोन, ओपन जिम, योग, ध्यान और पारिवारिक सैर हेतु आदर्श बने। यह सौंदर्यीकरण कार्य न सिर्फ स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थान देगा बल्कि रायपुर शहर की सुंदरता में भी वृद्धि करेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment