संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर जांच ही रोगों से बचाव का मूल मंत्र: मुख्यमंत्री साय

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि हम संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनी जीवनशैली में शामिल कर लें, तो अधिकांश बीमारियों से बचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के केनाल रोड स्थित झूलेलाल धाम में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को संबोधित कर रहे थे। यह शिविर पूज्य बाबा गुरुदास राम साहेब जी की 94वीं जयंती के अवसर पर शदाणी सेवा मंडल, बाबा गरीबदास सेवा मंडल, छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत, भारतीय सिंधु सभा और कंधकोट पंचायत द्वारा, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई और आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज की अनियमित जीवनशैली, मिलावटी खानपान और प्रदूषित वातावरण के चलते बीपी और डायबिटीज जैसी बीमारियाँ अब आम हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इनका असर बढ़ा है। ऐसे में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन अत्यंत सार्थक और सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने सिंधी समाज की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से सामाजिक सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने यह भी स्मरण किया कि रायगढ़ से सांसद रहते हुए वे सिंधी समाज के अनेक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जहां राज्य निर्माण के समय केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। निजी क्षेत्र में भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों की स्थापना हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों की सुविधाएं भी लगातार बेहतर की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध है। साथ ही वय वंदन योजना और मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना जैसे राज्य सरकार की योजनाएं भी नागरिकों को बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री साय ने शिविर के संयोजक अमित चिमनानी और सेवा देने वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक गुरु खुशवंत साहेब, धमतरी महापौर रामू रोहरा, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, सिंधु सभा के अध्यक्ष लधाराम जी, सिंधी पंचायत अध्यक्ष महेश दरयानी सहित सिंधी समाज के सेवादार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *