छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को शक था कि उसकी पत्नी का एक बिल्डर से अफेयर चल रहा है. इसी शक में उसने यूट्यूब से बम बनाना सीखा. फिर बिल्डर की डस्टर कार में बैटरी रिमोट से ब्लास्ट कर दिया.
पुलिस ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है. दुर्ग एसपी ने कहा कि कार में ब्लास्ट करने वाले आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अरेस्ट कर लिया गया है. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
दरअसल, जवाहर नगर भिलाई के रहने वाले संजय बुंदेला ने पुलिस को सूचना दी थी कि कौशल बिल्डकॉन नाम से उसका ऑफिस है. ऑफिस के सामने उसकी डस्टर कार खड़ी थी. उसमें किसी विस्फोटक वस्तु से ब्लास्ट कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इस मामले में थाना सुपेला चौकी स्मृतिनगर में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगाले. फुटेज में देखा तो संदेही की कद काठी कौशल बिल्डकॉन ऑफिस में काम करने वाली असिस्टेंट मैनेजर के पति देवेंद्र सिंह से मिलती जुलती नजर आई. इसके बाद पुलिस ने देवेंद्र सिंह को पकड़ा और पूछताछ शुरू की.
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर देवेंद्र ने सच उगल दिया. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बिल्डर संजय बुंदेला के साथ उसकी पत्नी के अवैध संबंध की शंका पर इस घटना को अंजाम दिया. उसने मोबाइल फ्लैश टैग एप डाउनलोड कर पत्नी के मोबाइल में इंस्टाल कर दिया था. उसने बिल्डर को डराने के लिए ब्लास्ट किया था.
आरोपी देवेंद्र ने बताया कि उसने यू-ट्यूब (YouTube ) देखकर बम बनाया, जिसमें उसने अपने बच्चों के खिलौने वाले रिमोट का इस्तेमाल किया. इसके बाद उसे डस्टर गाड़ी में लगाया और ब्लास्ट कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस मामले में स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि एक कार में ब्लास्ट की खबर मिली थी. पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की. ब्लास्ट किस तरह का है, जांच में पता चला कि नार्मल पटाखों में जो बारूद यूज होता है, वही था. कार मालिक से जानकारी लेकर तफ्तीश की गई, फिर आरोपी को पकड़ लिया गया. उसने बताया कि बच्चों के खिलौने की बैटरी और रिमोट को यूज करके टाइगर बम के बारूद को यूज किया. एक डिब्बे में बंद करके उसको ब्लास्ट किया. उसको शक था कि उसकी पत्नी का अफेयर चल रहा है. आरोपी कंप्यूटर इजीनियर है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166417
Total views : 8192942