मारा गया हिजबुल्ला का प्रमुख हसन नसरल्ला, इस्राइली सेना ने कहा- अब कभी दुनिया को डरा नहीं पाएगा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बेरूत। इस्राइल और हिजबुल्ला के संघर्ष के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल हिजबुल्ला का प्रमुख हसन नसरल्ला मारा गया है। इस्राइली सेना ने इसकी पुष्टि कर दी है। इस्राइल की सेना आईडीएफ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा है कि ‘हसन नसरल्ला अब कभी दुनिया को आतंकित नहीं कर पाएगा’। शुक्रवार को लेबनान के बेरूत में इस्राइली हवाई हमले में हिजबुल्ला के प्रमुख हसन नसरल्ला के मारे जाने की सुगबुगाहट उसी वक्त शुरू हो गई थी, जब ये जानकारी सामने आई थी कि इस्राइली सेना ने हिजबुल्ला के मुख्यालय को निशाना बनाया है। साथ ही हमले के बाद इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी अपना अमेरिका दौरा बीच में छोड़कर ही इस्राइल के लिए रवाना हो गए थे। उसके बाद से ही हिजबुल्ला के शीर्ष नेता के मारे जाने के कयास लगाए जा रहे थे। अब इस्राइली सेना ने हसन नसरल्ला की मौत की पुष्टि कर इन कयासों को सच साबित कर दिया है। हालांकि अभी तक हिजबुल्ला की तरफ से इसे लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।

जमीन के भीतर मौजूद हिजबुल्ला के ठिकाने को किया तबाह
इस्राइली सेना ने शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाया गया था। अब इस्राइली सेना ने बयान जारी कर कहा है कि उनके हमले में हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला और हिजबुल्ला के दक्षिणी मोर्चे का प्रमुख अली काराकी कई अन्य कमांडर्स के साथ मारा गया है। इस्राइली सेना ने बताया कि बेरूत के दक्षिणी उपनगर में हिजबुल्ला के मुख्यालय को निशाना बनाया गया था, जो रिहायशी इमारतों के नीचे जमीन के भीतर मौजूद था।

हिजबुल्ला के कई शीर्ष कमांडर और हसन नसरल्ला की बेटी जैनब की भी मौत
आईडीएफ ने कहा कि हिजबुल्ला का शीर्ष कमांडर अपने अन्य सहयोगियों के साथ इस्राइल पर हमले की योजना बना रहा था, उसी दौरान हुए हमले में नसरल्ला और हिजबुल्ला के कई अन्य शीर्ष कमांडर्स की मौत हो गई। इससे पहले इस्राइली हमले में हिजबुल्ला की मिसाइल यूनिट के प्रमुख मोहम्मद अली इस्माइल और उसके डिप्टी हुसैन अहमद इस्माइल के मारे जाने की खबर आई थी। साथ ही हसन नसरल्ला की बेटी जैनब नसरल्ला की भी मौत होने का दावा किया गया। बीते दिनों लेबनान में हुए हमलों में हिजबुल्ला की मिसाइल और रॉकेट फोर्स का प्रमुख मोहम्मद कबीसी भी कई अन्य शीर्ष कमांडर्स के साथ मारा गया था।

सीरिया में हमास का शीर्ष कमांडर भी किया ढेर
इस्राइली सेना जहां एक तरफ गाजा में हमास के साथ लड़ाई लड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ इस्राइली सेना ने लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ भी मोर्चा खोला हुआ है। जहां एक तरफ हिजबुल्ला के प्रमुख हसन नसरल्ला की मौत की खबर सामने आई है, वहीं इस्राइल ने सीरिया में हमास के एक शीर्ष नेता को भी मार गिराया है। सीरिया में किए गए हवाई हमले में मारे गए हमास के शीर्ष कमांडर की पहचान अहमद मोहम्मद फहद के रूप में हुई है, जो कि इस्राइल के गोलन हाइट्स में हुए रॉकेट हमलों के पीछे था।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *