कोयला लेवी घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से झटका

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की सिंगल बेंच ने कहा कि केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों से आवेदक की आर्थिक अपराध में प्रथम दृष्टया संलिप्तता परिलक्षित होती है। बता दें कि रामगोपाल अग्रवाल को 8 जुलाई 2026 को एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 में गिरफ्तार किया गया था।

अभियोजन के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल प्रणाली में बदलकर 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया गया। रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली गई। प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

जांच एजेंसी का आरोप है कि अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए खर्च किए। उनके और परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदने का मामला भी जांच में सामने आया है।

मामले की सुनवाई के दौरान रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता समाप्त हो चुकी है। ट्रायल में देरी तथा अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के आधार पर भी राहत मांगी गई। वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आवेदक संपत्तियों की खरीद के लिए आय का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे द्वारा कई संपत्तियां खरीदने की बात भी सामने आई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *