कंटेनर ट्रक में बना रखा था गोपनीय चेंबर, ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए 407 किलो 330 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चिल्फी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ड्राइवर की सीट के ऊपर एक गुप्त चेंबर बना हुआ मिला। पुलिस ने चेंबर की तलाशी ली तो उसमें 192 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में गांजा, ट्रक और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश लेकर जा रहे थे। दोनों आरोपी उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal








