बीजापुर। नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए विस्फोटक उपकरणों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एक बार फिर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है।
जवानों ने करीब 5 किलोग्राम वजनी आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद कर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुर जिले के करकेली से बेदरे मार्ग पर सड़क किनारे स्थित कच्ची पगडंडी में माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए लगभग 5 किलोग्राम वजनी टिफिन बम का पता चला।
इसके बाद बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) एवं थाना बेदरे के जवानों ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए डी-माइनिंग की कार्रवाई की।
जवानों ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए आईईडी को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त आईईडी प्रेशर स्विच सिस्टम से तैयार कर लगाया गया था।
Author: Deepak Mittal









