करुणा सागर सरायपाली।
सरकारी विभागों में कई अधिकारी कर्मचारियों की मनमानी की शिकायतें आमतौर पर आती रहती हैं, लेकिन सचिवों के स्थानांतरण से जुड़ा ताजा मामला इन दिनों सरायपाली में विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है।
जनपद पंचायत सरायपाली अंतर्गत दो पंचायत सचिवों ने प्रशासनिक आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए स्थानांतरण होने के लगभग दो माह बाद भी अब तक नये स्थान पर पदभार ग्रहण नहीं किया है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
गौरतलब है कि विगत 18 अगस्त को जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद के द्वारा कुछ सचिवों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया था। लेकिन इस आदेश के कई सप्ताह बाद भी किसी भी सचिव ने अपने नये स्थान पर पदभार ग्रहण नहीं किया, जिसमें सरायपाली के भी सचिव शामिल थे। आखिरकार जिला पंचायत सीईओ को पुनः हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने जनपद सीईओ सरायपाली राजेश साहू को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
इसके बाद सरायपाली सीईओ के द्वारा 24 सितंबर को आदेश जारी कर तत्काल प्रभाव से सचिवों को नई जगह पर पदभार लेने का निर्देश दिया गया। इस आदेश के भी लगभग 3 सप्ताह बीत जाने के बाद भी अब तक दो सचिवों पृथ्वीराज भोई एवं नरेंद्र साहू ने इन आदेशों का मखौल उड़ाते हुए अब तक पदभार ग्रहण नहीं किया है।
सचिवों की इस मनमानी के बावजूद अब तक उच्च अधिकारियों के द्वारा इस पर संज्ञान नहीं लेना और उक्त सचिवों पर किसी प्रकार की कार्यवाही न करना भी आश्चर्यजनक है। बहरहाल सरायपाली क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और सभी की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
Author: Deepak Mittal









