
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना के ठीक सामने मुख्य सड़क पर बने गड्ढे को लेकर उठाए गए सवालों का असर अब दिखाई देने लगा है। सड़क की बदहाल स्थिति और उससे राहगीरों को हो रही परेशानी का मामला सामने आने के बाद संबंधित स्थान पर सड़क निर्माण एवं मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इससे स्थानीय लोगों और इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि खम्हारडीह थाना के ठीक सामने मुख्य सड़क पर गड्ढा होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक, पैदल राहगीर, महिलाएं और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं हादसे की आशंका भी बनी हुई थी।
राजधानी के प्रमुख मार्ग पर पुलिस थाने के ठीक सामने सड़क की ऐसी स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। हमारे द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब सड़क को दुरुस्त करने का काम शुरू होना सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और उन्हें छोड़ने पहुंचने वाले अभिभावकों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। सड़क पर गड्ढा होने से दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता था। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
सड़क की मरम्मत शुरू होना राहत की बात है, लेकिन यह भी जरूरी है कि काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति पर नियमित निगरानी रखनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
Author: Deepak Mittal








