फसल सुरक्षा के लिए बिछाए गए तार की चपेट में आया, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
उदयपुर। उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी के पास जंगल में करंट की चपेट में आने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फसलों की सुरक्षा के लिए जंगल से लगे क्षेत्र में तार बिछाए गए हैं। इसी दौरान हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा हाथी का बच्चा इन तारों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हाथियों का दल पिछले कई महीनों से अलकापुरी क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। इसके बावजूद फसल सुरक्षा के नाम पर बिछाए गए करंट प्रवाहित तारों की निगरानी और उन्हें हटाने को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा घटना के कारणों और करंट प्रवाहित तार लगाए जाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









